अक्षय तृतीया पर खुले गंगोत्री-यमुनोत्री मंदिर के कपाट, हेलीकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा

Spread the love

गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट रविवार को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गये हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद इस दिव्य पल के साक्षी बने। गंगोत्री के कपाट खुलने के समय हजारों तीर्थयात्री मंदिर प्रांगण में मौजूद रहे। इस दौरान ‘हर-हर गंगे’ और ‘मां गंगा की जय’ के जयकारों से पूरा गंगोत्री धाम गूंज उठा। वहीं, तय मुहूर्त पर दोपहर 12.15 पर गंगोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए हैं। इस दौरान धाम में मौजूद भक्तों पर हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा भी की गई ।

इसके पश्चात निर्धारित शुभ लग्न में 12:35 बजे यमुनोत्री धाम के कपाट खोले गए। कपाटोद्घाटन के ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। कपाट खुलते ही धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई और पूरे क्षेत्र में आस्था व उत्साह का माहौल बन गया।

श्रद्धालु यमुना जी के छह माह यमुनोत्री धाम में दर्शन कर पाएंगे। इससे पूर्व रविवार सुबह ढोल दमाऊ के साथ मां यमुना जी की विग्रह डोली खरसाली से यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हुई। उनके भाई शनि महाराज हर वर्ष की भांति अपने बहन को छोड़ने यमुनोत्री धाम पहुंचे।

चारधाम यात्रा के शुभारंभ के साथ ही प्रशासन और मंदिर समिति ने यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्थित दर्शन के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। आने वाले दिनों में यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।