देहरादून में टीचर ने लड़कियों को किया बैड टच, शिक्षक पर कार्रवाई न होने से अभिभावकों का गुस्सा

Spread the love

देहरादून के समरवैली स्कूल में 11वीं की छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप पर हंगामा हुआ। छात्रा की मां ने भौतिक विज्ञान के शिक्षक पर डेढ़ माह से परेशान करने और गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया, जिस पर स्कूल प्रबंधन द्वारा कार्रवाई न करने से अभिभावकों में रोष है।

 

आरोप है कि शिकायत के बाद स्कूल प्रबंधन ने संबंधित टीचर को हटाने और छात्रा की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने का भरोसा दिया, लेकिन अगले दिन पीड़ित छात्रा को प्रिंसिपल ऑफिस बुलाकर अपमानित किया गया। छात्रा और उसकी मां ने स्कूल के डायरेक्टर अशोक वासु पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा का कहना है कि उससे पूछा गया कि उसे किस तरह छुआ गया और वह डायरेक्टर को छूकर बताकर दिखाए।

 

उसकी कक्षा की अन्य छात्राओं के साथ भी शिक्षक का इसी तरह का व्यवहार है। उनका बेटा भी इसी स्कूल में पढ़ता है। बच्चों के भविष्य और लोक लाज के कारण उन्होंने शुरुआत में कोई शिकायत नहीं की थी। 14 अक्टूबर को स्कूल पहुंचने में देर होने पर शिक्षक उनकी बेटी को धक्का देते हुए प्रधानाचार्य कक्ष तक ले गया।

 

मामले के सामने आने के बाद पीड़ित छात्रा और उसकी मां स्कूल पहुंचे। परिवार ने 15 छात्राओं के हस्ताक्षर वाले आवेदन की रिसीविंग और फोटोकॉपी मांगी। छात्रा का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने आवेदन अपने पास रख लिया और उसकी कॉपी देने को तैयार नहीं हुआ।

 

शिकायत की कॉपी मांगने को लेकर पत्रकार और स्कूल की प्रिंसिपल के बीच बहस होती दिखाई देती है। पत्रकार ने सवाल उठाया कि यौन उत्पीड़न की शिकायत करने वाली छात्रा को उसका आवेदन वापस क्यों नहीं दिया जा रहा है।

 

मां का कहना है कि स्कूल का गेट भीतर से बंद कर दिया गया और पुलिस बुला ली गई। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दिए जाने की जानकारी दी, लेकिन स्कूल ने शिकायत दिखाने से भी इनकार कर दिया।

 

उनकी मांग है कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए और स्कूल प्रबंधन प्रार्थना सभा में सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। मां ने बताया कि वह शनिवार को शिक्षा विभाग के अधिकारियों और जिलाधिकारी से मुलाकात कर शिकायत करेंगी।