दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में मारा छापा, रेस्टोरेंट बंद, 14 दिन का सुधार नोटिस, कूदते दिखे कॉकरोच और चूहे

Spread the love

दून क्लब स्थित हांडी रेस्टोरेंट में खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। खाद्य सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी पाई गई, जहां कॉकरोच, चूहे, सड़ी-गली सब्जियां और बासी खाना मिला। संयुक्त टीम ने रेस्टोरेंट को तत्काल बंद कर दिया और संचालक को 14 दिन का सुधार नोटिस जारी किया।

राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देश पर मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। फ्रीजर में फूलगोभी, मूली, शिमला मिर्च, पत्तागोभी और आलू सड़ी-गली अवस्था में मिले।

करीब दो दिन पुराने चावल, दो से तीन दिन पुराना गूंथा आटा और लगभग एक सप्ताह पुरानी मोमोज व चाउमीन की सामग्री भी मिली। खाद्य पदार्थ खुले बर्तनों में रखे थे और चूहों ने मसालों की थैलियां कुतर रखी थीं। बर्तन धुलाई क्षेत्र में तीन से चार दिन पुराने जूठे बर्तन और जमा कूड़ा मिला।

खाद्य पदार्थ खुले बर्तनों में रखे गए थे। रसोई और मसाले रखने वाली अलमारी में कॉकरोच और चूहे पाए गए। मसालों की कई थैलियां चूहों ने कुतर रखी थीं। स्टोर रूम में भी चूहों की मौजूदगी मिली।

नोटिस के तहत रेस्टोरेंट संचालक को परिसर की गहन सफाई, खराब खाद्य सामग्री का निस्तारण, पेस्ट कंट्रोल, नालियों और ड्रेनेज सिस्टम की मरम्मत, पानी की गुणवत्ता की जांच और कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस के रिकॉर्ड सुनिश्चित करने होंगे।