देहरादून-मसूरी रोड में भारी बारिश के बीच सड़क का 10 मीटर हिस्सा धंसा, वन-वे ट्रैफिक बना मुसीबत, लगा पांच किमी लंबा जाम

Spread the love

उत्तराखंड में पिछले 2 दिन भारी बारिश से काफी नुकसान हुआ है। इसी के चलते मसूरी-देहरादून सड़क के एक बार फिर से वही हालत देखने को मिली, जो पिछले साल मानसून के जाते-जाते देखने को मिली थी। कोल्हूखेत के पास भूस्खलन और सड़क क्षतिग्रस्त होने के बाद बंद हुआ मसूरी-देहरादून मुख्य मार्ग मंगलवार सुबह हल्के वाहनों के लिए खोल दिया गया।

मार्ग खुलने से स्थानीय लोगों, पर्यटकों और दैनिक यात्रियों को राहत मिली, लेकिन पानीवाला बैंड के निकट सड़क का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से यातायात वन-वे होने के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। वहीं, मार्ग पर पांच किमी लंबा जाम लग गया। भारी वाहनों की आवाजाही पर फिलहाल रोक जारी है।

शाम को आवाजाही प्रतिबंधित किए जाने से पहले इस पर सिंगल लेन ट्रैफिक का संचालन पुलिस की देखरेख में कराया जा रहा था। इस तरह छोटे वाहनों को गुजरने की अनुमति दी जा रही थी। लेकिन मौसम के मिजाज को देखते हुए यह आशंका थी कि सड़क पूरी तरह ध्वस्त हो सकती है।

शिव मंदिर के आगे मैगी प्वाइंट के पास सड़क का लगभग 90 फीसदी हिस्सा नीचे की तरफ धंस गया था और केवल दोपहिया वाहन ही यहां से निकल पा रहे थे। ऐसे में लोग निर्माण विभाग ने यहां पर पहाड़ को काटकर अंदर की तरफ कच्ची सड़क का निर्माण किया, लेकिन अभी भी इस कच्ची रोड पर वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दोनों तरफ लंबा जाम लग रहा है।