धुमाकोट-मर्चूला मार्ग पर इको वैन खाई में गिरी,, हादसे में एक की गई जान, दो लोग हुए घायल

Spread the love

धुमाकोट-मर्चूला मार्ग पर जड़ाऊखांद के पास एक मारुति इको वैन खाई में गिरने से उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई है और चालक समेत दो लोग घायल हो गए हैं। घटना की सूचना आपातकालीन नंबर 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही धुमाकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में सवार तीनों लोगों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) धुमाकोट ले जाया गया।

डॉक्टरों ने उपचार के दौरान हीरा सिंह पुत्र जगत सिंह (उम्र 43 वर्ष) निवासी ग्राम देवलाड, धुमाकोट (पौड़ी) को मृत घोषित कर दिया। जबकि, हादसे में वाहन चालक प्रदीप सिंह रावत उर्फ दीपू पुत्र पान सिंह रावत (उम्र 38 वर्ष) और पंकज पुत्र महिपाल सिंह (उम्र 19 वर्ष) घायल हो गए। दोनों घायल भी ग्राम देवलाड, धुमाकोट के निवासी हैं। दोनों का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धुमाकोट में कराया जा रहा है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम संबंधी कार्रवाई के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नैनीडांडा भेजा जा रहा है। पुलिस की ओर से पंचायतनामा की कार्रवाई की जाएगी।