देहरादून में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के आवास के बाहर नर्सिंग अभ्यर्थियों का हंगामा, चार महिलाओं ने पिया फिनायल

Spread the love

देहरादून में नर्सिंग अभ्यर्थी के आंदोलन ने उस वक्त गंभीर मोड़ ले लिया। जब स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के यमुना कॉलोनी स्थित आवास के बाहर प्रदर्शन के दौरान चार महिला प्रदर्शनकारियों ने फिनायल पी लिया।

पुलिस और प्रशासन ने तत्काल चारों महिलाओं को अपने वाहनों से दून अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उनका उपचार चल रहा है। जिनमें से एक छात्रा की हालत गंभीर है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री के आवास के बाहर अभी भी नर्सिंग अभ्यर्थियों का धरना जारी है। उनका कहना है कि सरकार उनकी सुध लेने को तैयार नहीं है।

नर्सिंग बेरोजगारों के समर्थन में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला कार्यकर्ताओं के साथ स्वास्थ्य मंत्री आवास पहुंचीं। उन्होंने अभ्यर्थियों के समर्थन में धरना दिया। इसके बाद पुलिस ने ज्योति समेत महिला कांग्रेस की कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। कुछ देर बाद प्रदर्शन कर रहे कई नर्सिंग बेरोजगारों को भी हिरासत में लिया गया।