देहरादून में नगर निगम कर्मचारी बनकर आए दो बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूट लिया। आरोपियों ने महिला के हाथ-मुंह बांध दिए, मारपीट की और सोने के जेवर व नकदी लूटकर फरार हो गए। मामले में रायपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना रायपुर में टीम का गठन किया है। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे करीब 65 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सदिग्धों की पहचान होने के बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और लगातार तलाश की गई।
सूचना पर पुलिस ने सीक्यूआई जंगल रायपुर क्षेत्र से दोनों आरोपियों सागर सिंह रावत और अंकित गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से लूटे गए सोने के कुंडल,अंगूठी, मोबाइल फोन और तीन हजार रुपए नकद बरामद किए गए।
मुख्य आरोपित सागर सिंह पीड़ित महिला के ही मोहल्ले का रहने वाला है। उसे अच्छी तरह पता था कि बुजुर्ग महिला घर में अधिकांश समय अकेली रहती हैं। इसी का फायदा उठाकर उसने अपने साथी के साथ मिलकर रेकी की और योजनाबद्ध तरीके से लूट को अंजाम दिया। दोनों आरोपित पेशे से प्लंबर हैं और स्मैक और नशे के आदी हैं। नशे की लत को पूरा करने के लिए उन्होंने अपराध का रास्ता चुना।
