नैनीताल में बाल-बाल बचे पर्यटक, झील में गिरी पर्यटकों की कार, स्थानीय लोगों ने बचाई चार लोगों की जान

Spread the love

नैनीताल घूमने आए पर्यटकों की एक कार सोमवार को अनियंत्रित होकर सरिताताल झील में जा गिरी। हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे। स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मुरादाबाद निवासी आलम अपनी कार संख्या यूपी-21-सीसी-1213 से घूमने के लिए नैनीताल आये हुए थे। कार में बुलंदशहर निवासी उमेर समेत उनकी दो महिला मित्र भी सवार थी।

वह सरिताताल में पहुंचे ही थे कि इसी दौरान वाहन चालक का नियंत्रण कार से हट गया और कार सड़क से नीचे खाई की ओर गिरते हुए सरिता ताल झील में जा पहुंची। हादसे के बाद कार में सवार कुछ लोग स्वयं बाहर निकल आए, जबकि दो लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि झील की गहराई कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चारों पर्यटकों को बाहर निकाला।