विकासनगर के कालसी क्षेत्र में कोटी रोड पर धमोग मंदिर के पास सड़क हादसा हुआ। हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू से विकासनगर की ओर आ रही बोलेरो (HP 01 A 8928) अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। गाड़ी में चालक समेत कुल 7 लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। नीचे झांकने पर बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आई।
इस हादसे में दो साल की बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में नेपाल के अछाम जिले के रहने वाले 52 वर्षीय नरबहादुर और दो साल की बच्ची राधिका की मौत हो गई।
दोनों के शव पंचायतनामा और पोस्टमॉर्टम के लिए विकासनगर मोर्चरी भेजे गए हैं। वहीं, हादसे में बोलेरो ड्राइवर चमन लाल निवासी शिमला (हिमाचल प्रदेश) समेत नेपाल के एक ही परिवार के चार लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) कालसी में भर्ती कराया गया है।

