राजपुर रोड क्षेत्र में काठबंगला बस्ती के पास शुक्रवार की देर रात कुछ लोग सड़क पर खड़े थे। तभी एक कार अनियंत्रित होकर आई और टक्कर मार दी। इस हादसे में दो महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों महिलाएं सड़क पर जा गिरीं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने पांच माह की गर्भवती महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरी महिला का उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार सवार दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है। शुरुआती जानकारी में दोनों युवकों के नशे की हालत में होने की बात सामने आई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच और मेडिकल परीक्षण के बाद होगी।
