राजपुर रोड पर सड़क हादसा, स्कूटी डिवाइडर से टकराने से दो युवकों की मौत।

Spread the love

देहरादून में हुए एक हादसे में दो परिवारों ने अपने जवान बेटों को खो दिया। हादसे के बाद दोनों युवकों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। पुलिस के अनुसार 27 नवंबर देर रात सिटी कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि कालसंग रेस्टोरेंट के सामने राजपुर रोड पर स्कूटी सवार दो युवक घायल अवस्था में पड़े हैं।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि घायलों के परिचित उन्हें एंबुलेंस से मैक्स अस्पताल ले जा चुके हैं।अस्पताल में डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 28 वर्षीय शुभम सेमवाल निवासी एकता विहार, माता मंदिर रोड और 35 वर्षीय अंकुर रावत निवासी अजबपुर कलां, नेहरू कालोनी के रूप में हुई है।

पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी को राजपुर रोड स्थित डैफोडिल्स होटल में खड़ा कराया है। प्रारंभिक जांच में स्कूटी के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है।