नशीला पदार्थ खिलाकर भाजपा पार्षद के घर पर चोरी के मामले में नेपाली गैंग का एक सदस्य गिरफ्तार

Spread the love

देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में पार्षद के घर में चोरी मामले में पुलिस ने दिल्ली से सक्रिय नेपाली मूल के गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 27,500 रुपये की चोरी की नकदी, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की गई है। जबकि, फरार चार आरोपियों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, बीती 29 और 30 सितंबर की रात राज मार्केट, बल्लीवाला चौक निवासी महिपाल सिंह के घर में काम करने वाले नौकर भरत थापा ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोप है कि घर में रहने वाले लोगों बीजेपी पार्षद अमिता सिंह ओर उसके परिवार को खाने में नशीला पदार्थ मिलाने के बाद आरोपी ज्वेलरी और कैश लेकर फरार हो गए थे।

एसएसपी के निर्देश पर गठित टीमों ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में भरत थापा के साथ चार अन्य लोगों के शामिल होने और हरियाणा नंबर की कार इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिली। मंगलवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दिनेश सुनार (27) को वारदात में इस्तेमाल सफेद अर्टिगा कार के साथ गिरफ्तार कर लिया।

बसंत विहार की घटना के बाद दिनेश को उसके साथियों ने 50 हजार रुपए नगद दिए थे। बाकी रकम चोरी का माल बिकने के बाद देने की बात कही गई थी। पुलिस पूछताछ में भरत थापा के अलावा आदित्य, अभिषेक और एलेक्स के नाम भी सामने आए हैं। चारों आरोपी नेपाली मूल के बताए जा रहे हैं, जो फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।