टिहरी के जाखणीधार बाजार में नाबालिग को मीट की दुकान में 25 मिनट तक कैद रखकर छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर कड़ा विरोध जताते हुए अभियुक्त के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और उसे शीघ्र ही बाजार छोड़ने की चेतावनी दी है।
बताया जा रहा है कि रविवार शाम आरोपी ने कथित रूप से नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपनी दुकान में बुलाया। काफी देर तक लड़की के बाहर नहीं आने पर स्थानीय लोगों को शक हुआ। ऐसे में जैसे ही लोग दुकान की ओर पहुंचे। आरोपी ने दरवाजा खोलकर नाबालिग को बाहर भेज दिया। इसके बाद बाजार में लोगों की भीड़ जुट गई और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया। इस घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों में रोष बना हुआ है। बताया जा रहा है कि आरोपी यूपी के बिजनौर का रहने वाला है।
