पांच वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी, सीसीटीवी से खुला राज, आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

पिथौरागढ़ में पांच साल की मासूम बच्ची आठ घंटे बाद बदहवास हालत में मिली। बच्ची को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाते हुए एक युवक सीसीटीवी में कैद हुआ है।

मामले के अनुसार बीते मंगलवार को नगर में दुकान चलाने वाले बाहरी प्रदेश के व्यापारी ने अपनी पांच साल की मासूम बच्ची के लापता होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस ने बच्ची की खोजबीन शुरू की। सीसीटीवी खंगाले गए तो एक युवक बच्ची का हाथ पकड़कर अपने साथ ले जाता दिखा।

मेडिकल परीक्षण में मासूम के साथ दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की कड़ी धाराओं और पोक्सो एक्ट की वृद्धि की। गुरुवार की रात करीब 12:15 बजे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपित होशियार सिंह निवासी रई धनोड़ा को पुनेड़ी महर रोड के पास से दबोच लिया|

एसपी अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं बच्ची अब भी महिला अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में है। उन्होंने आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम को पांच हजार रुपये पुरस्कार देने की भी घोषणा की है।