हरिद्वार में महिला कॉन्स्टेबल ने बेटी को जन्म दिया तो उसके पति ने उसका गला दबा दिया और ताने मारने लगा। दोनों की शादी तीन साल पहले हुई थी। आरोपी प्रवेश यादव यूपी के सहारनपुर का रहने वाला है। पीड़िता ने ज्वालापुर महिला हेल्पलाइन में शिकायत देकर बताया कि उनकी शादी 29 नवंबर 2023 को सहारनपुर जिले के गांगलहेड़ी क्षेत्र निवासी एक युवक के साथ हुई थी। आरोप लगाया कि शादी में उनके परिवार ने अपनी हैसियत के अनुसार खूब दान दहेज दिया था। कार खरीदने के लिए आठ लाख रुपये नकद भी दिए गए थे। इसके बावजूद पति, सास, ननद, नंदोई और देवर दहेज में दिए गए सामान से खुश नहीं थे।
आरती का आरोप है कि बेटी को जन्म देने के बाद उन्हें ताने सुनने पड़े। छह महीने के मातृत्व अवकाश के दौरान जब वह ससुराल में रह रही थीं….तब पति शराब पीकर उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज करता था। पीड़िता के अनुसार बेटी के पालन-पोषण का खर्च भी उन्होंने खुद उठाया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति ने उसके बैग से जेवर निकालकर अपनी मां और भाई को दे दिए। उसकी ननद फोन पर गाली गलौज करती है, जबकि पति उसके भाई के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराने और उसकी नौकरी छुड़वाने की धमकी देता है। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

