दिल्ली से लौटने के बाद मुख्यमंत्री धामी सीधे राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचे, पर्वतारोहियों के रेस्क्यू की ली जानकारी

Spread the love

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने दिल्ली प्रवास से लौटते ही सीधे राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र,आईटी पार्क पहुंचे और प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हाई एल्टीट्यूड ट्रैकिंग के दौरान फंसे ट्रैकर्स एवं माउंटेनियर्स के लिए संचालित राहत एवं बचाव अभियान की स्वयं समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से अलग-अलग क्षेत्रों में फंसे लोगों की संख्या, उनकी लोकेशन और अब तक किए गए रेस्क्यू की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लोगों को सुरक्षित निकालना प्राथमिकता हो और मौसम को ध्यान में रखते हुए रेस्क्यू के लिए उपलब्ध संसाधनों का सही इस्तेमाल किया जाए।

बैठक में सचिव आपदा प्रबंधन श्री विनोद कुमार सुमन ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि राज्य के विभिन्न उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हाई एल्टीट्यूड ट्रैकिंग के दौरान कुल 179 ट्रैकर्स एवं माउंटेनियर्स के फंसे होने की जानकारी प्राप्त हुई थी। इनमें 136 लोग उत्तरकाशी तथा 43 लोग बागेश्वर जनपद के पिंडारी क्षेत्र में फंसे हुए थे।

रेस्क्यू अभियान के लिए 8 हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने जरूरत के अनुसार इनका तत्काल इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। किसी व्यक्ति को चिकित्सकीय सहायता की जरूरत पड़ने की स्थिति में हेली एंबुलेंस को भी स्टैंडबाय पर रखा गया है।