क्लेमेंटाउन क्षेत्र में बरसाती नाले के तेज बहाव में बहने से दो सगी मासूम बहनों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम करीब चार बजे राजेश मित्तल ने क्लेमेंटाउन थाने को सूचना दी कि दुर्गा मंदिर, नई बस्ती के पास दो बच्चियां बरसाती नाले में बहकर रैंप के नीचे फंस गई हैं। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चियों को बाहर निकाल लिया था, लेकिन डूबने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी।
मृतक बच्चियों की पहचान लक्ष्मी कुमारी (7 वर्ष) और सोनाक्षी कुमारी (3 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों सगी बहने हैं और अपनी मां रीना कुमारी के साथ नई बस्ती में किराये के मकान में रहती थीं।
उनकी मां रीना कुमारी ने पुलिस को बताया कि दोनों बेटियां दोपहर में घर के बाहर बरसाती नाले में नहाने गई थीं। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों बहकर रैंप के नीचे फंस गईं। कुछ देर बाद तलाश करने पर बड़ी बेटी के पैर दिखाई दिए, जिसके बाद आसपास के लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
