देहरादून से सनसनी ख़बर, पति ने धारदार हथियार से किया पत्नी का मर्डर,  मामूली बात पर हुआ विवाद 

Spread the love

देहरादून के मोहिनी रोड पर पति-पत्नी के विवाद में पति ने अपनी पत्नी की पाटल से हत्या कर दी। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। वारदात के बाद भी आरोपी मौके से नहीं भागा और वहीं बैठा रहा। पुलिस ने आरोपित पति राम जी पाल को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मृतका की पहचान सोनू पाल के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। आरोपित राम जी पाल राजमिस्त्री का काम करता है, उसके तीन बच्चे हैं।

मृतका सोनू पाल और आरोपी रामजी पाल मूल रूप से अयोध्या के रहने वाले हैं। दोनों करीब तीन महीने पहले ही गांव से देहरादून आए थे। परिवार मोहनी रोड पर स्थित रिटायर्ड IFS अधिकारी सीएल दीपक भसीन के घर के पीछे बने सर्वेंट क्वार्टर में रहता था। सोनू कर्नल के घर में साफ-सफाई और दूसरे घरेलू काम करती थी। वहीं रामजी राजमिस्त्री का काम करता था। उनके तीन बच्चे हैं जो घटना के समय स्कूल गए हुए थे।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। वहीं आरोपी पति रामजी लाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पाटल से अपनी पत्नी के गले पर वार किया था।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच के साथ ही हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटना की जानकारी जुटा रही है। आरोपी पति को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।