बुधवार को गजी बैंड के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को रेस्क्यू किया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस और फायर सर्विस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और फायर सर्विस कर्मियों के प्रयास से वाहन में फंसे सभी पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो में कुल पांच लोग सवार थे। सभी मुजफ्फरनगर के रुहाना के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक स्कॉर्पियो की गति काफी तेज थी। मोड़ पर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
