रुद्रपुर के स्कूल में पढ़ रहे छात्र के सिर पर गिरा पंखा, दो छात्र घायल, छात्र के सिर में आए टांके

Spread the love

रुद्रपुर के एएनझा इंटर कॉलेज में बच्चे पढ़ रहे थे और उस दौरान छत पर लगा चलता हुआ पंखा टूटकर नीचे गिर गया। हादसे में कक्षा नौ का एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके पास बैठा दूसरा छात्र भी चोटिल हुआ।

सूचना के अनुसार, प्रीत विहार कॉलोनी निवासी संगम शनिवार दोपहर नियमित रूप से स्कूल में पढ़ाई कर रहा था। पांचवें पीरियड के दौरान शिक्षक विद्यार्थियों को पढ़ा रहे थे। इसी बीच छत पर चल रहा पंखा अचानक अपनी जगह से उखड़कर संगम के सिर पर गिर पड़ा। हादसे में उसके सिर से काफी खून बहने लगा। पास में बैठा छात्र वैष्णव भी पंखे की चपेट में आकर घायल हो गया। घटना से सहपाठी घबरा गए और स्कूल प्रशासन में भी हड़कंप मच गया।

घटना के तुरंत बाद पढ़ा रहे शिक्षक एमएम जोशी घायल छात्रों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसके सिर पर टांके लगाए। बताया जा रहा है कि पंखे को पकड़ने वाली लोहे की राड काफी कमजोर हो चुकी थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ।