चार जुलाई को सीएम धामी के कार्यकाल को 5 साल का पूरा होने जा रहा है। जिसके चलते, सरकार एक बार फिर जनता के द्वार पहुंच रही है। इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 4 जुलाई से 15 दिन का विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सोमवार को विस्तृत दिशा निर्देश जारी किए। इसके तहत प्रदेशभर में चार जुलाई से 10 जुलाई के बीच सेवा सप्ताह मनाया जाएगा। हर जिले के मुख्य विकास अधिकारी इसके नोडल होंगे। जिले के प्रभारी मंत्री या मुख्यमंत्री की ओर से नामित प्रतिनिधि की अध्यक्षता में सभी कार्यक्रम होंगे।
इसके तहत पहले दिन रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास संबंधित कार्यक्रम, दूसरे दिन प्रदेश में हुई नवीन पहलों, योजनाओं से संबंधित कार्यक्रम, तीसरे दिन रेल, रोड, रोपवे, उड़ान योजना व अन्य से संबंधित परियोजनाओं के कार्यक्रम, चौथे दिन उद्योग, लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों से संबंधित कार्यक्रम, पांचवें दिन कृषि, उद्यान, पशुपालन की उपलब्धियों, नीतियों का प्रदर्शन, छठे दिन महिला, युवा, सैनिक कल्याण के लिए राज्य सरकार के प्रयासों के कार्यक्रम, सातवें दिन स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में सुधार से संबंधित अभिनव पहल के कार्यक्रम होंगे।
वहीं, जिलों के स्तर पर चिकित्सा शिविर, दिव्यांगजन के शिविर, सूचना विभाग की ओर से सरकार की उपलब्धियों का साहित्य वितरण, जिला मुख्यालय स्तर पर मैराथन, खेलकूद प्रतियोगिताएं, चार जुलाई को शाम को हर जिला मुख्यालय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। विभाग स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी और लाभार्थियों का पंजीकरण करेंगे। राजस्व विभाग विशेष लोक अदालत समाधान समारोह करेगा।
