डोईवाला में एक सहायक अध्यापिका को फर्जी जाति प्रमाण पत्र के सहारे नौकरी पाने के आरोप में बर्खास्त कर दिया गया है। विभागीय जांच में अनुसूचित जाति का प्रस्तुत प्रमाणपत्र कूटरचित पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई। मामला डोईवाला क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय जौलीग्रांट प्रथम का है, जहां सहायक अध्यापिका सीमा देवी तैनात थीं।
शिक्षा विभाग ने इस कार्रवाई के माध्यम से यह संकेत दिया है कि यदि इसी प्रकार की अन्य शिकायतें सामने आती हैं तो उनकी भी गहन जांच कराई जाएगी। मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल का कहना है कि पात्र अभ्यर्थियों के अधिकारों की रक्षा के लिए ऐसी कार्रवाई आवश्यक है।
