बदरीनाथ में धार्मिक कार्यक्रम पर सख्ती, नगर पंचायत से अनुमित लेनी अनिवार्य , उल्लंघन पर लगेगा जुर्माना

Spread the love

बदरीनाथ धाम में अब नए नियम लागू होंगे। नए नियमों के तहत भागवत कथा, भंडारा या अन्य धार्मिक अयोजनों के लिए पहले पंचायत से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति कार्यक्रम करने पर संबंधित आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी लगाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने पर अधिकतम 50 हजार रुपए तक जुर्माना देना पड़ सकता है।

नगर पंचायत द्वारा व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए तीन नई उपविधियां बनाई गई हैं। इनमें मांसाहार के परिवहन और उपयोग पर प्रतिबंध, झुग्गी व अस्थायी आवास नियंत्रण और स्वच्छता नियम शामिल हैं। इसके अलावा भंडारा, भागवत कथा और अन्य आयोजनों के लिए भी स्पष्ट दिशा-निर्देश तय किए गए हैं।

प्रशासन ने बताया कि अनुमति के साथ यूजर चार्ज की व्यवस्था भी लागू की गई है, जिससे व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा सके। साथ ही स्थायी व अस्थायी शौचालयों के निर्माण को भी अनिवार्य किया गया है। ज्योतिर्मठ के उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि गजट नोटिफिकेशन होने के बाद उपविधि लागू कर दी जाएंगी।