देहरादून के मालदेवता में एक लोहे के पुल पर रविवार को एक युवक का शव रस्सी से लटका मिला। सूचना पर मालदेवता चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव नीचे उतारकर जांच की। मौके पर फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया। साथ ही शव को पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के लिए मोर्चरी भिजवाया गया। पुलिस द्बारा घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मृतक की पहचान तनवीर कुमार उर्फ शायरी (निवासी घमंडपुर, रानीपोखरी, देहरादून, वर्तमान निवासी वेदवानी विहार, बालावाला) के रूप में हुई। मौके पर पहुंचे स्वजनों ने भी शव की शिनाख्त की। पुलिस के मुताबिक, मृतक के शरीर पर प्रथम दृष्टया किसी प्रकार की चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं।
मौके पर एक स्कूटी (यूके07 एफएन-9653) भी खड़ी मिली। जांच में स्कूटी मृतक के रिश्तेदार की होना सामने आया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में आवश्यक जांच जारी है।
