रुड़की में भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचला। पुलिस के अनुसार हादसा मंगलौर पीरपुरा अंडरपास पर हुआ। हरिद्वार की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर ही अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन नाबालिग लड़कों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान अयान (16), मोहम्मद रकीब (17) और मोहम्मद साकिब (16) के तौर पर हुई है। हादसा इतना भीषण था कि शव के अवशेष रोड पर बिखर गए। ट्रक की टक्कर से युवकों के सिर का हिस्सा क्षत-विक्षत होकर बाहर आ चुका था। हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के गांव तक पहुंची तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
हादसा होते ही ट्रक चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया था। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत हादसा होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इसी के साथ पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उपचार के दौरान तीसरे किशोर की भी मौत हो गई। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
