हरिद्वार में बहन की डांट से 11वीं की छात्रा ने की खुदकुशी,  इलाज के दौरान हुई मौत 

Spread the love

हरिद्वार: पढ़ाई को लेकर बड़ी बहन की डांट के बाद छात्रा घर से बाहर चली गई थी। कुछ देर बाद उसके फ्लाईओवर से गिरने की सूचना मिली। गंभीर हालत में उसे 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

सूचना के अनुसार छात्रा कक्षा 11 में पढ़ती थी। वह पांच बहनों में दूसरे नंबर की थी और परिवार में अपनी मां के साथ रहती थी। उसके पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। शनिवार रात को बड़ी बहन ने छात्रा को पढ़ाई को लेकर डांट दिया था।

सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल छात्रा को उपचार के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंचे।

चौकी प्रभारी नवीन नेगी ने बताया कि फ्लाईओवर से गिरने के बाद 17 वर्षीय छात्रा को जिला अस्पताल भेजा गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और अंतिम संस्कार कर दिया गया। मामले की जांच की जा रही है।