उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी, कल स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद, डीएम ने जारी किया आदेश

Spread the love

उत्तराखंड के पिथौरागढ़, नैनीताल समेत छह जिलों में 26 और 27 सितंबर को भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया हैं। पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलाधिकारी की तरफ जारी आदेश में साफ किया है कि दोनों ही जिलों के लिए कल 26 सितंबर शनिवार को भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है, जिस कारण दोनों ही जिलों में कक्षा एक से 12वीं तक सभी सरकारी और प्राइवेड स्कूलों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों की छुट्टी रहेगी।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितंबर को जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश होने, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर के कारण नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने और पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका भी जताई गई है।

अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पर्वतीय क्षेत्रों में प्रतिकूल मौसम के दौरान ट्रेकिंग पर जाने वाले ट्रेकर्स को ट्रेकिंग की अनुमति न दी जाए। साथ ही, भारी वर्षा एवं असामान्य मौसम की चेतावनी के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन पर भी आवश्यक नियंत्रण रखा जाए।