मसूरी के झड़ीपानी में भूमि विवाद बढ़ा, रेलवे ने 31 मकानों पर बेदखली नोटिस चस्पा, 15 दिन में जमीन खाली करने के आदेश

Spread the love

झड़ीपानी में रेलवे की कार्रवाई से सोमवार को अचानक माहौल गरमा गया। रेलवे की टीम भारी पुलिस बल के साथ क्षेत्र में पहुंची और 31 लोगों को जमीन खाली करने के नोटिस दिए। नोटिस में 15 दिन के भीतर जमीन खाली करने को कहा गया है।

झड़ीपानी पहुंचे रेलवे के देहरादून के सीनियर सेक्शन इंजीनियर आशु शर्मा के नेतृत्व में पहुंची टीम ने संबंधित लोगों को नोटिस दिए। नोटिस में कहा गया है कि कब्जाधारी 15 दिन के भीतर स्वयं भूमि खाली कर दें। ऐसा नहीं करने पर रेलवे प्रशासन बलपूर्वक बेदखली के लिए कार्रवाई करेगा और कार्रवाई में होने वाला खर्च भी कब्जाधारियों से वसूला जाएगा।

रेलवे अधिकारी के अनुसार, उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल के संपदा अधिकारी प्रथम के न्यायालय में 31 लोगों के खिलाफ कार्यवाही हुई थी। इनमें से 25 लोग न्यायालय में उपस्थित हुए, लेकिन रेलवे के अनुसार वे नामांतरण अभिलेख या जमीन पर स्वामित्व साबित करने वाले अन्य ठोस दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

इसके बाद संपदा न्यायालय ने उनके दावों को खारिज करते हुए भूमि खाली करने के आदेश दिए। कहा संपदा न्यायालय के आदेश के क्रम में 15 दिन का समय दिया गया है। इसके बाद न्यायालय के निर्देश के अनुसार जमीन को खाली कराया जाएगा ।