उत्तरकाशी पहुंचे कृषि मंत्री गणेश जोशी को कांग्रेस ने काले झंडे दिखाकर किया विरोध

Spread the love

उत्तरकाशी में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के दौरे के दौरान माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने काले झंडे दिखाकर उनका विरोध शुरू कर दिया। विरोध के दौरान स्थिति तब और बिगड़ गई जब 4 से 5 लोग अचानक मंत्री के काफिले की गाड़ी के सामने आ गए। कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए लोगों को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

कृषि मंत्री गणेश जोशी गंगोरी में आयोजित जन-जन के द्वार जन जन की सरकार कार्यक्रम और माघ मेले में शिरकत करने पहुंचे थे। जैसे ही कृषि मंत्री गणेश जोशी का काफिला गंगोरी पहुंचा, तभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे दिखाकर वापस जाने की मांग की। इस दौरान पुलिस बल को उन्हें रोकने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मंत्री गणेश जोशी लंबे समय बाद उत्तरकाशी पहुंचे हैं, लेकिन क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं पर कोई ठोस समाधान अब तक नजर नहीं आया है। इसी नाराजगी के चलते विरोध प्रदर्शन किया गया।