विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड में चुनावी तैयारियां अब रफ्तार पकड़ रही हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर मतदान केंद्रों और चुनावी व्यवस्थाओं की तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर मतदान केंद्र के भवन की स्थिति, बिजली, पेयजल, एवं अन्य जरुरी सुविधाओं को सुनिश्चित कर लिया जाए।
उन्होंने जनपदों को निर्देश दिए कि आयोग द्वारा निर्धारित तिथियों के अनुसार सभी डीईओ, आरओ एवं स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर का प्रशिक्षण में प्रतिभाग करना सुनिश्चित करें।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर, अक्टूबर महीने के पहले हफ्ते में भारत निर्वाचन आयोग के विशेषज्ञों की उत्तराखंड आकर, ईवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) करेगी। वर्तमान समय में उत्तराखंड राज्य में करीब 23 हज़ार ईवीएम मौजूद हैं। उन्होंने जिलाधिकारियों को स्पष्ट किया आगामी माह में आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उत्तराखण्ड का भ्रमण किया जा सकता है जिसमें सभी जिलाधिकारियों से चुनाव तैयारियों के सम्बंध में विस्तारपूर्वक समीक्षा की जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जनपद यथा समय इन तैयारियों को पूर्ण कर लें।
