धामी सरकार उठाएगी मासूम शिवानी की जिम्मेदारी, 3 साल की मासूम के सिर से उठा माता-पिता का साया

Spread the love

अल्मोड़ा बस हादसे में अपने माता-पिता को खोने वाली मासूम शिवानी की देखभाल की जिम्मेदारी धामी सरकार उठाएगी। उत्तराखंड सरकार ने बच्ची की पूरी जिम्मेदारी लेने का फैसला किया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अल्मोड़ा के मार्चुला में हुए बस हादसे से हम सभी के हृदयको गहरा आघात पहुंचा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुखद घटना में जिन्होंने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। एक मुख्यसेवक और परिवार के सदस्य के रूप में, मैं इस पीड़ा को समझता हूं। हमारा कर्तव्य है कि ऐसे कठिन समय में एकजुट होकर प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करें और उनके जीवन को पुनः स्थिरता देने में अपना योगदान दें।

तीन साल की शिवानी पौड़ी जिले के बिरखेत की रहने वाली है। शिवानी अपने पिता मनोज रावत और माता चारू देवी के साथ दीपावली पर अपने गांव आई थी। सोमवार चार नवंबर को शिवानी अपने माता-पिता के साथ बस में सवार होकर रामनगर के लिए निकली थी। लेकिन बीच रास्ते में बस खाई में गिर गई और शिवानी के माता-पिता की मौत हो गई। तीन साल की शिवानी भी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई है।