हरिद्वार में यूपी के ट्रक ड्राइवर से धर्म पूछकर पीटा गया। ट्रक ड्राइवर के इन आरोपों का हरिद्वार पुलिस ने खंडन किया है। पुलिस का कहना है कि ट्रक के पहिए पर लघु शंका करने को लेकर हुए विवाद में मारपीट हुई थी। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी ट्रक चालक पर मारपीट के आरोप लगाए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रॉस मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं
पुलिस से मिली सूचना के अनुसार, बीते 22 फरवरी की रात कलियर-बहादराबाद मार्ग पर स्थित किसान ढाबे के पास फिरोज आलम निवासी मन्सूरपुर माफी, मुरादाबाद ने अपना ट्रक खड़ा किया हुआ था। उसी दौरान नितीश पाल, विभांशु अपने दोस्त अंकुर चौहान, गौरव व कार्तिक चौहान के साथ किसान ढाबा पर खाना-खाने गए थे। नितीश व विभांशु ढाबे के पास खड़े ट्रक की आड़ में शौच करने लगे। ये देखकर ट्रक ड्राइवर फिरोज द्वारा उनको टोका गया था। इस पर फिरोज की नितीश और विभांशु के साथ गाली गलौज और मारपीट हुयी थी। दोनों पक्ष एक-दूसरे को पूर्व से नहीं जानते थे। जो भी घटना हुई वह अचानक से हुई घटित हुई थी।
गाली-गलौच व मारपीट में फिरोज घायल हो गया। सूचना पर पुलिस ने दोनों पक्षो को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया। फिरोज ने दूसरे पक्ष पर मारपीट के साथ ही नाम पूछकर धार्मिक आधार पर अपशब्द कहने के आरोप भी लगाए। एसएसपी ने कहा कि दोनों पक्षों द्वारा मारपीट के संबंध में थाना बहादराबाद पर तहरीर दी गई। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर थाना बहादराबाद में मुकदमा दर्ज किया गया है, जांच चल रही है।
