पुलिस ने फर्जी भारतीय दस्तावेजों के आधार पर अवैध रूप से देहरादून में रह रही तीन विदेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के मुताबिक ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत पुलिस रविवार को रायपुर क्षेत्र में सत्यापन अभियान चला रही थी। इस दौरान साईं कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल पर तीन विदेशी महिलाएं रहती मिलीं।
इन महिलाओं से जब दस्तावेज मांगे गए तो वे आनाकानी करने लगीं। सख्ती से पूछताछ करने के पर उन्होंने अपने दस्तावेज दिखाए। नेपाल के रास्ते बिना वीजा भारत आईं उज्बेकिस्तान की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। साथ वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी देहरादून में रह रही किर्गिस्तान की एक महिला को भी पकड़ा गया है। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि पूछताछ में महिलाओं ने अपना नाम इरीका (29 वर्ष) मूल निवासी किर्गिस्तान, करीना (30 वर्ष), मूल निवासी उज्बेकिस्तान व निगोरा नीम (32 वर्ष), मूल निवासी उज्बेकिस्तान बताया।
तलाशी के दौरान उनके पास से एक पासपोर्ट, तीन आधार कार्ड, दो पैन कार्ड व विदेशी मुद्राएं मिलीं। तीनों विदेशी महिलाओं को फर्जी भारतीय दस्तावेजों के आधार पर अवैध रूप से भारत में रहने पर गिरफ्तार किया गया। तीनों के विरुद्ध रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
