पर्यटन दिवस पर उत्तराखंड के चार गांवों को मिला सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्राम पुरस्कार

Spread the love

विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर उत्‍तराखंड के चार गांवों को सर्वश्रेष्‍ठ पर्यटन ग्राम पुरस्‍कार मिला है। शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में पर्यटन मंत्रालय की ओर से आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में उत्तराखंड के जखोल, सूपी, हर्षिल और गुंजी गांव को सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्राम पुरस्कार दिया गया। इन ग्रामों के प्रधानों ने पुरस्कार प्राप्त किये।

इस साल उत्तरकाशी जिले का जखोल गांव को साहसिक पर्यटन के लिए चुना गया| जखोल गांव अपनी ऊंचाई, मनमोहक प्राकृतिक दृश्यों और चुनौतीपूर्ण ट्रेकिंग रूट्स के लिए पर्यटकों के बीच खासा लोकप्रिय हो रहा है| इसके साथ ही उत्तरकाशी जिले के ही हर्षिल गांव और पिथौरागढ़ जिले के गुंजी गांव को वाइब्रेंट विलेज के रूप में सम्मानित किया गया।

केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की ओर से प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्राम प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। संस्कृति एवं प्राकृतिक संपदा के संरक्षण,समुदाय आधारित मूल्य व जीवन शैली को बढ़ावा देने और आर्थिक,सामाजिक और पर्यावरण स्थिरता के प्रति प्रतिबद्धता को इसमें रखा जाता है। इन्हीं विषयों पर प्रविष्टियां राज्यों से आमंत्रित की जाती हैं। इस वर्ष प्रविष्टियों के आधार पर उत्तराखंड के चार ग्रामों को चयनित किया गया है।