लोकभवन में 27 फरवरी से एक मार्च तक वसंतोत्सव का आयोजन होगा। इस साल वसन्तोत्सव की थीम Floral Healing: Nature’s Path to Well Being तय की गई है। इसमें प्रकृति और पुष्पों के जरिए मानसिक, शारीरिक एवं सामाजिक कल्याण को दर्शाया गया है। इसके साथ ही भोज पत्र (Betula utilis) के सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं औषधीय महत्व पर विशेष फोकस किया गया है।
शुक्रवार को वसंतोत्सव के बारे में बताते हुए राज्यपाल ले. जन. गुरमीत सिंह (सेनि) ने कहा कि हर वर्ष लोग वसंतोत्सव का बेसब्री से इंतजार करते हैं। 27 फरवरी को सुबह 11 बजे उद्घाटन के बाद दोपहर एक से शाम 6 बजे, बाकी दोनों दिन सुबह 9 से शाम 6 बजे तक आमजन के लिए यहां प्रदर्शनी निशुल्क खुली रहेगी। कहा कि वसन्तोत्सव स्वस्थ जीवन, सामाजिक समरसता का उत्सव है।
लोकभवन में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय वसन्तोत्सव कार्यक्रम में प्रदेश के 30 से अधिक विभाग शामिल होंगे। पहली बार इस कार्यक्रम में रिदमिक योगा कार्यक्रम के लाइव प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान, देहरादून और निरामया योग्य रिसर्च फाउंडेशन, हरिद्वार को बुलाया गया है। इसके अलावा, वसन्तोत्सव कार्यक्रम को पूरी तरह से प्लास्टिक मुक्त रखने के साथ ही मौसम से संबंधित जानकारी के लिए मौसम विभाग का स्टाल भी लगाया जाएगा।
