महिलाओं के लिए खास योजना का शुभारंभ, 484 महिलाओं के खाते में भेजे 3 करोड़ से ज्यादा रुपये

Spread the love

सीएम धामी ने एकल महिला स्वरोजगार योजना का शुभारंभ किया है। इस योजना में विधवा, परित्यक्ता, तलाकशुदा या किसी भी कारण से अकेले जीवन का भार उठाने वाली महिलाओं के साथ एसिड अटैक, आपराधिक घटना की पीड़िता, ट्रांसजेंडर्स को भी शामिल किया है। योजना के पहले चरण के तहत 6 जिलों से चयनित कुल 484 लाभार्थियों को पहली किस्त के रूप में कुल 3,45,34,500 रुपए डीबीटी के जरिए ट्रांसफर की गई। इस योजना के दूसरे चरण के तहत मार्च महीने के पहले हफ्ते में बचे हुए सात जिलों के 540 लाभार्थियों को धनराशि ट्रांसफर की जाएगी।

प्रथम चरण में योजना का लाभ बागेश्वर (42), देहरादून (191), नैनीताल (75), पौड़ी (66), टिहरी (23) और उधम सिंह नगर (87) जनपदों की लाभार्थी महिलाओं को दिया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभागीय कैलेंडर का भी विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में लगभग 5 लाख महिलाएं, 70 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से कार्य कर रही हैं। 7 हजार ग्राम्य संगठन और 500 से अधिक क्लस्टर संगठन महिलाओं के सामूहिक नेतृत्व का उदाहरण हैं। वहीं एक लाख 68 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि यह योजना एकल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें रोजगार सृजन से भी जोड़ेगी। सचिव चंद्रेश यादव ने बताया कि योजना के अंतर्गत दो लाख तक की परियोजनाएं स्वीकृत की जा रही हैं, जिसमें 75 प्रतिशत तक या अधिकतम 1.50 लाख की सब्सिडी दी जाएगी, जबकि 25 प्रतिशत अंशदान लाभार्थी का अनिवार्य होगा।