उत्तराखंड परिवहन महासंघ के आह्वान पर आज पूरे गढ़वाल मंडल में चक्का जाम किया गया। गढ़वाल मंडल के रूटों पर बसें और टैक्सी वाहन नहीं चले। इससे यात्रियों को दिक्कत झेलनी पड़ी। जो टैक्सी वाहन बाहर से सवारियां लेकर आ रहे थे उन्हें प्रदर्शनकारी परिवहन कारोबारियों ने इंद्रमणि बडोनी चौक पर रोक दिया।
व्यावसायिक वाहनों पर दो साल के टैक्स की छूट देने सहित कई अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे वाहन चालकों ने आज चक्का जाम किया है। सभी जीप और टैक्सियों का संचालन ठप है, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ऋषिकेश स्थित आरटीओ कार्यालय में बनाए गए फिटनेस सेंटर को शीघ्र शुरू किया जाए। चारधाम यात्रा धीमी रहने से चालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है, इसलिए व्यावसायिक वाहनों पर दो साल के टैक्स की छूट दी जाए और हर साल टैक्स में पाँच प्रतिशत वृद्धि के नियम को समाप्त किया जाए।
बसों और टैक्सी वाहनों के साथ ही ट्रकों का संचालन भी गढ़वाल मंडल के रूटों पर नहीं हुआ। इसके साथ ही शहर में विक्रम और आटो वाहन भी कम संख्या में चले। सुबह दस बजे तक कई आटो चलते रहे। लेकिन उसके बाद इक्का-दुक्का आटो-विक्रम वाहन ही नजर आए। हालांकि ई-रिक्शा का संचालन होता रहा। स्थानीय लोगों के पास अपने दोपहिया वाहन होने के चलते उन्हें दिक्कत नहीं उठानी पड़ी। तिपहिया वाहन कम चलने से बाहर से आने वाले यात्रियों को दिक्कत उठानी पड़ी।
